छात्रवृत्ति योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई हुए प्रधानाचार्यों को निर्धारित अवधि के दौरान शत-प्रतिशत आवेदन पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानाचार्यों के साथ छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा में पाया कि छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के तहत आवेदन करने की 31 जुलाई आखिरी तिथि है। जिस रफ्तार से आवेदन हो रहे हैं, उससे शत- प्रतिशत काम पूर्ण होने की बहुत कम उम्मीद दिख रही है।
इस पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा प्रधानाचार्यों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उपजिलाधिकारी को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों के आय, जाति, निवास सहित अन्य प्रमाणपत्र प्राथमिकता से बनवाना सुनिश्चित करें।
जिससे आवेदन करने में कोई परेशानी न उत्पन्न हो। इसके अलावा बैंक अधिकारियों को विद्यार्थियों का हर हाल में खाता खोलने के निर्देश जारी किए।
बैठक में प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई। आवेदन करते समय आने वाली दिक्कतों को बताया गया व उन्हें दूर करने की जानकारी दी गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शीवेंद्र सिंह, डीआईओएस राजा भानु प्रताप सिंह सहित कॉलेजों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।