फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: सरयू फिर उफनाई, पांच गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

Sun, 21 Jul 2024 12:23 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर मथुरा (सीतापुर)। बैराजों से छोड़े गए पानी से सरयू नदी एकाएक फिर उफना गई। नदी का जलस्तर शनिवार को 50 सेमी. बढ़कर 118 मीटर पर पहुंच गया। पानी का बहाव नदी के दायरे से बाहर की ओर हो गया है।
विज्ञापन

तटवर्ती पांच गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। घरों में पानी भरने लगा है। 12 गांव पानी से घिर गए हैं। खेतों व संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी हिलोरे मारता नजर आ रहा है। बाढ़ से प्यारेपुरवा का संपर्क मार्ग कटने से आवागमन ठप हो गया है। उधर, बैराजों से शनिवार को तीन लाख 85 हजार 892 क्यूसेक पानी फिर छोड़ा गया है। यह पानी पहुंचने से बाढ़ के हालात और बिगड़ सकते हैं। इससे तटवर्ती गांवों में हलचल बढ़ गई है।
पहाड़ों पर बारिश और बैराजों से छोड़े जाने वाले लाखों क्यूसेक पानी से हर साल सरयू नदी तबाही मचाती है। बाढ़ व कटान से तराई में बसे सैकड़ों गांव प्रभावित होते हैं। एक पखवाड़े पहले तक बाढ़ व कटान से लगभग 40 गांव प्रभावित थे।
विज्ञापन

सरयू के जलस्तर में कमी आने से ग्रामीणों को थोड़ी राहत मिली थी। इसी बीच बृहस्पतिवार से जलस्तर में इजाफा होने लगा। शुक्रवार को जलस्तर 117.50 मीटर दर्ज किया गया। शनिवार को अचानक करीब 50 सेमी. की वृद्धि के साथ पानी 118 मीटर पर पहुंच गया। इससे तटवर्ती अंगरौरा, अखरी, प्यारेपुरवा, बंगलीपुरवा व सोन्तिपुरवा में बाढ़ का पानी भरने लगा है।
रत्तीलाल, सागर, मिश्री, मंगम, सोहन, दुजई, हरी, गोगे, पिंटू, रघुनाथ, मुंशी, झाबर, विक्रम, सर्वजीत, नरेश, मुनेजर, राधे आदि के घरों में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे भर रहा है। ग्रामीण पलायन करने लगे हैं। इसके अलावा मिश्रणपुरवा, निरंजनपुरवा, बलेसरपुरवा, अर्जुनपुरवा, फत्तेपुरवा, बाबाकुटी, हरिजनन पुरवा, बक्सीपुरवा, चंद्रिका पुरवा, परमगोंडा तथा खुन्ना पुरवा समेत 12 गांव बाढ़ के पानी से घिर रहे हैं।
खेतों से लेकर संपर्क मार्गों तक बाढ़ का पानी भर गया है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दिनों आई बाढ़ तथा बरसात का पानी अब तक खेतों में भरा हुआ है। ऐसे में पहले से ही किसानों की फसलें सड़ रही हैं।
अब फिर से बाढ़ का पानी गांवों व खेतों में घुसने लगा है। इस बाढ़ ने विकराल रूप अख्तियार किया तो तबाही मचनी तय है। बैराजों से शुक्रवार को 3,73,546 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। शनिवार को 3,85,892 क्यूसेक छोड़ा गया है। यानी 12 हजार 346 क्यूसेक अधिक पानी डिस्चार्ज किया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक यह पानी देर रात तक यहां पहुंचेगा, ऐसे में हालात बेकाबू हो सकते हैं।


150 लोगों का आवागमन ठप
प्यारेपुरवा के पास कटान रोकने के लिए बनाई गई ठोकर के करीब 10 फीट चौड़ी सड़क बाढ़ में कट गई है। सड़क कटने से प्यारेपुरवा के करीब 150 लोगों का आवागमन बंद हो गया है। इन्हें आवागमन के लिए अब नाव सहारा है। वहीं, पूर्व से खराब रास्तों का दुरुस्तीकरण अभी तक नहीं हो पाया है।
विज्ञापन



किस बैराज से छोड़ा गया कितना पानी
घाघरा बैराज- 1,64,038 क्यूसेक
शारदा बैराज- 1,46,172 क्यूसेक
बनबसा बैराज- 75,682 क्यूसेक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें