सीतापुर। डीएम साब! हमारे मोहल्ले महाराजगंज में दस सालों से जलभराव की समस्या है। चार से पांच फीट तक घर पानी में डूबे हुए हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है। संपूर्ण समाधान दिवस से वापस लौटते समय बिसवां के महाराजगंज निवासी लोगों ने अपनी व्यथा सुनाई तो जिलाधिकारी ने जिम्मेदारों के पेंच कसे। उन्होंने शिकायत कर्ता संजीव वर्मा, गंगाराम व अन्य को जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। हालांकि उनके जाते ही नगर पालिका के अधिकारी फिर सुस्त पड़ गए। ईओ विजय पाल ने बताया कि बजट आते ही खड़ंजा लगवाने का काम करवाएंगे।
शनिवार को जिले की सातों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस पर अपनी शिकायतें लेकर फरियादी तहसील पहुंचे। जिलाधिकारी अनुज सिंह व पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान बिसवां तहसील में मौजूद रहे। कुल 406 शिकायतें आईं, जिसमें से मात्र दस प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण ही मौके पर हुआ। शेष शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
शिकायत करके थक गया फरियादी, नहीं खुला चकमार्ग
लहरपुर के नबीनगर निवासी ओमप्रकाश पुत्र सुंदर लाल ने बताया कि समाधान दिवस में कई बार प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन अभी तक साधु पुत्र खजांची व रज्जब अली पुत्र लियाकत द्वारा बंद किए चकमार्ग को प्रशासन नहीं खुलवा पाया है। चक मार्ग बंद होने से खेतों पर जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
खलिहान की जमीन पर बन गया मकान
महोली के ककरहिया निवासी माखनलाल व कौशल किशोर ने बताया कि ग्राम पंचायत चितहला के ककरहिया गांव में खलिहान भूमि गाटा संख्या 1027 पर आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने अवैध रूप से कब्जा कर मकान निर्माण कर लिया है। खेत खलिहान जाने के लिए मार्ग बाधित है। कई बार शिकायत के बावजूद भी खलिहान कब्जा मुक्त नहीं हुआ है।
शमशान घाट की जमीन पर हो गई प्लाॅटिंग
महमूदाबाद के बेहटा छावनी निवासी दिलीप त्रिपाठी ने बताया कि गाटा संख्या 250 पर श्मशान घाट दर्ज है। यहां धड़ल्ले से मकान निर्माण व प्लाॅटिंग जारी है। कब्जा हटवाने के लिए अपर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी को कब्जा हटवाने के आदेश दिए हैं।
ओवरब्रिज का काम शुरू कराने की मांग
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अब्दुल अतीक खान ने रेलवे क्राॅसिंग पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज का काम शुरू करवाने संग अवैध कब्जे की शिकायत की।
डीएम सुनते रहे फरियाद, मोबाइल में व्यस्त रहे मातहत
बिसवां तहसील सभागार में एक ओर जिलाधिकारी अनुज सिंह फरियादियों की शिकायत सुनते रहे। वहीं, दूसरी ओर बीडीओ काजल रावत, शिक्षा विभाग के अधिकारी व अन्य अपने मोबाइल में सोशल मीडिया चलाते रहे।
एडीएम ने किया तहसील का निरीक्षण
अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी ने महमूदाबाद तहसील में फरियादियों की समस्याओं को सुना। इसके बाद रजिस्ट्री कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों का रखरखाव देखा। इस दौरान एसडीएम शिखा शुक्ला संग पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कुल 406 शिकायतें आईं, 43 निस्तारित
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 406 शिकायतें आईं। बिसवां में 95 में 9, सिधौली में 89 में 9, महमूदाबाद में 75 में 9, लहरपुर में 48 में 7, मिश्रिख में 42 में 5, सदर में 27 में 3 व महोली में 30 में 1 शिकायत का निस्तारण किया गया।