सिधौली में क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी।
सिधौली (सीतापुर)। कस्बे के पड़ाव मैदान पर खेले जा रहे सिधौली प्रीमियर लीग का पहला क्वार्टर फाइनल मैच समीर इलेवन और टेड़ई इलेवन के मध्य खेला गया। समीर इलेवन ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। पहले खेलते हुए समीर इलेवन ने रिंकू के 61 रनों की मदद से 117 रनों का स्कोर बनाया।
जवाब में शुभम के 32 रनों के बावजूद टेड़ई इलेवन की टीम 80 रन ही बना सकी। समीर इलेवन ने 37 रनों से मैच जीता। मैन ऑफ द मैच अंकित को घोषित किया गया। मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिग्विजय सिंह देव रहे। दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच सोनी इलेवन व बउआ इलेवन के मध्य खेला गया। पहले खेलते हुए बउआ इलेवन के ओपनर विकास ने धुआंधार 107 रन की नाबाद पारी खेली। बउआ इलेवन ने सोनी इलेवन के लिए 152 रन का लक्ष्य रखा। इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सोनी इलेवन ने जीतू और शीबू की धुआंधार पारी के साथ धमाकेदार शुरुआत की और दो ओवर में 50 रन बनाए लेकिन विकास ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद बॉबी ने 39 रन की पारी खेलते हुए अपनी टीम को लक्ष्य के पास पहुंचा दिया लेकिन अमन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मैच को पूर्ण रोमांचक स्थिति में ला दिया। ओपनर बल्लेबाज जीतू ने छक्का मार कर अपनी टीम को जीत दिला दी। मैन ऑफ द मैच शानदार प्रदर्शन करने वाले विकास राठौर को चुना गया।
इस मैच के मुख्य अतिथि बक्शी का तालाब के ब्लॉक प्रमुख मोनू सिंह रहे। इस दौरान प्रधान आशू सिंह, सत्य प्रकाश सिंह फौजी, आरसी पांडेय, सुधीर रावत, मयंक सिंह चौहान, भूपेंद्र सिंह तोमर, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।