अटरिया (सीतापुर)। हाईवे किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर नकाबपोश पांच बदमाशों ने धावा बोलकर सेल्समैन की जमकर पिटाई कर दी। उसका करीब 10 हजार रुपये का मोबाइल भी लूट ले गए। पुलिस ने जांच की है। पंप मालिक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अटरिया इलाके में हाईवे किनारे स्थित शिव फीलिंग स्टेशन के मालिक ने रविवार को थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि रात को करीब पांच नकाबपोश बदमाशों ने पंप पर धावा बोल दिया, जिसके बाद बदमाशों ने पंप के केबिन में बैठे खीरी जिले के फूलबेहड़ इलाके के पिपरा गांव निवासी सेल्समैन मदनलाल को दबोच लिया। उसकी डंडों से जमकर पिटाई कर दी।
मारपीट के बाद बदमाशों ने उसका करीब 10 हजार कीमत का मोबाइल भी लूट लिया। मरपीट व लूटपाट कर बदमाश पैदल ही भाग निकले। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की जांच की है। एसओ रामनरेश यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।