बिसवां। जहांगीराबाद मार्ग पर भोलागंज गांव के पास मंगलवार को पिकअप की टक्कर से बाइक सवार लखनऊ के विकासनगर निवासी संजय शुक्ला (45) की मौत हो गई। वह एक सीमेंट कंपनी में सेल्स मैनेजर थे। परिजनों के अनुसार, वह मंगलवार को बाइक से बिसवां से जहांगीराबाद की तरफ जा रहे थे।
रेउसा की तरफ से गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे संजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इसी बीच पीछे से आ रही एक कार उनकी बाइक को कुचलते हुए निकल गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल संजय को बिसवां सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप और कार चालक अपने-अपने वाहन लेकर भाग गए। सीओ हर्षित ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बस की टक्कर से शिक्षिकाएं घायल
सिधौली। नेशनल हाईवे पर अहमदपुरजट गांव के पास मंगलवार को पीछे से आ रही परिवहन निगम की बस एक वैन से टकरा गई। हादसे में वैन सवार पांच शिक्षिकाएं घायल हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, लखनऊ निवासी शिक्षिकाएं अर्चना (47), भारती सक्सेना (48), सुभाषिनी (29), अर्चना त्रिपाठी (41) और ज्योति मिश्रा (47) एक ही वैन से विद्यालय जा रही थीं। अहमदपुरजट गांव के पास वैन में पीछे से परिवहन निगम की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में सभी शिक्षिकाएं घायल हो गईं।
आगे चल रहे ई रिक्शे में सवार सिधौली क्षेत्र के अलादादपुर गांव निवासी छोटकन्नी (47) भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गईं। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सिधौली पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी शिक्षिकाएं निजी अस्पताल चली गईं।