सीतापुर। परसेंडी ब्लाॅक स्थित प्राथमिक विद्यालय इमलिया में बुधवार को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) को लेकर चल रहे विशेष शिविर का निरीक्षण डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने किया। इस दौरान गलत ढंग से ब्लड टेस्ट करने वाली एएनएम का 15 दिनों का वेतन काटने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण तलब किया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अन्नप्राशन, गोद भराई व पुष्टाहार वितरण के बारे में जानकारी ली। आंगनबाड़ी कार्यकत्री के सैम व मैम समेत कई अभिलेखों को देखा। रजिस्टर में कमियां मिलने पर नाराजगी जाहिर की। आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सुपरवाइजर के विरुद्ध नोटिस जारी करने का आदेश दिया। वीएचएसएनडी सत्र के दौरान केंद्र पर आई एक महिला से संवाद कर उनकी टीकाकरण पुस्तिका को देखा। एएनएम से जिलाधिकारी ने अपने सामने गर्भवती महिला का ब्लड टेस्ट कराया। यह टेस्ट सही ढंग से न करने पर एएनएम का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मातृ एवं शिशु टैगिंग रजिस्टर को देखा। उसमें त्रुटियां मिलने पर फटकारा। आइस बाॅक्स, टीकाकरण किट व एएनएम के रजिस्टर काे देखा और रजिस्टर अपडेट न होने, उपकरण सही ढंग से न मिलने, कार्यों में रूचि न लेने व सही ढंग से मानीटरिंग न करने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी परसेंडी के विरुद्ध स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सुखरंजन समद्दर उपस्थित रहे।