सीतापुर। शहर के जीआईसी मैदान पर चल रही यूपी 34 प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता में अपने दोनों मैच जीतकर सागर स्ट्राइकर इलेवन की टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। बृहस्पतिवार देर रात तक चले मुकाबलों में सागर स्ट्राइकर इलेवन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोनों मुकाबलों में जीत हासिल की। प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए सचिन बाहुबली को 51 सौ रुपये का नकद पुरस्कार मिला।
पहला मैच किंग स्टार क्लब व सागर स्ट्राइकर इलेवन के बीच खेला गया। किंग स्टार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में सात विकेट खोकर 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सागर स्ट्राइकर इलेवन की टीम अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ा गई। अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में छोटू पीएसी ने ओवर की अंतिम बाल पर एक रन लेकर टीम को जीत दिलाई।
इसके बाद दूसरा मैच सागर स्ट्राइकर इलेवन और वसीम इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें सागर स्ट्राइकर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में छह विकेट खोकर 92 रन बनाए। सचिन बाहुबली ने मात्र 28 गेंदों में 58 रन की पारी खेली। जिसमें पांच छक्के और तीन चौके शामिल रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वसीम इलेवन की शुरुआत बेहद खराब रही। पूरी टीम महज 45 रन बना कर ढेर हो गई। इस तरह सागर स्ट्राइकर इलेवन ने यह मुकाबला 47 रन से जीत लिया। सचिन बाहुबली को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।