महमूदाबाद (सीतापुर)। बोर्ड की बैठक समय से न होने, पालिका क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़कों की अव्यवस्था को लेकर आक्रोशित सभासदों ने सोमवार को शहर के मुख्य मार्गों पर प्रदर्शन किया। जमकर नारेबाजी की।
तहसील पहुंचकर सभासदों ने एसडीएम को सामूहिक इस्तीफा स्वीकृत करने की मांग की। इस पर एसडीएम ने उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन देकर सभासदों को समझाया।
सभासद संघ अध्यक्ष राशिद कामरीन, ठाकुरपुर के प्रदीप कुमार, इमलिया के कदीर, कटरा के तैयब आजाद, पुरानी बाजार के शमशाद सहित सभी वार्डों के सभासदों ने रामकुंड चौराहे से जुलूस निकाला।
पालिका विरोधी नारे भी लगाए। सभी सभासद रामकुंड चौराहे से तहसील पहुंचे और उप जिलाधिकारी अमित भट्ट से मुलाकात करते हुए सामूहिक इस्तीफा स्वीकार करने की मांग करने लगे।
सभासदों ने एसडीएम को बताया कि पालिका में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्षा दफ्तर नहीं आती है, जो प्रस्ताव बनाकर दिए जाते है उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
जनता सभासदों को लेकर आक्रोश जाहिर कर रही है जिससे सभासद नाराज हैं। उप जिलाधिकारी अमित भट्ट ने ईओ शैलेंद्र दुबे को फोन कर सभासदों की समस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।