सीतापुर। शहर के श्यामनाथ मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर रविवार से रूट डायवर्जन लागू रहेगा। चुंगी चौकी से वाहन को मंदिर की तरफ जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं, गोला की तरफ से आने वाले वाहनों को अमीर नगर तिराहा की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
सावन मास में मुंशीगंज स्थित श्यामनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार श्रद्धा उमड़ती है। नैमिषारण्य व कन्नौज के राजघाट से कांवड़िये गंगाजल लेकर आते हैं। इससे इस मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। रविवार रात नौ से सोमवार रात नौ बजे तक डायवर्जन किया जाएगा।
यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि चुंगी चौकी पर बैरिकेडिंग की गई है। लखनऊ, शाहजहांपुर व नैमिषारण्य की तरफ से आने वाले वाहनों को मंदिर की तरफ जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं, गोला की तरफ से आने वाले वाहनों को अमीर नगर तिराहा द हिंद स्कूल से बड़ागांव की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
-
नौ थानों की पुलिस जिले में रोकेगी भारी वाहनों का प्रवेश
सावन मास में यातायात पुलिस ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार रात नौ बजे से जिले के नौ थानों की पुलिस बॉर्डर पर तैनात रहेगी। पुलिस भारी वाहनों का प्रवेश रोकने का काम करेगी। इन वाहनों को डायर्वट किए गए मार्गों से भेजा जाएगा। हरदोई जिले की सीमा पर नैमिषारण्य, बहराइच की सीमा पर रेउसा व थानगांव, लखीमपुर खीरी सीमा पर इमलिया सुल्तानपुर पुलिस की टीमें वाहनों को रोकेंगी। इसके अलावा मिश्रिख, रामकोट, खैराबाद, सिधौली, महमूदाबाद थानों की पुलिस भी शामिल है।
-
डायवर्जन में ये मार्ग रहेंगे शामिल
- सिधौली से कल्ली चौराहा होकर हरदोई जाने वाले वाहन कल्ली चौराहे से मछरेहटा चौराहा होकर महोली की तरफ भेजे जाएंगे।
- सीतापुर मुख्यालय से काजीकमालपुर होकर गोला जाने वाले वाहन, नैपालापुर से हरगांव की तरफ से लखीमपुर होकर गोला जाएंगे।
- काजीकमालपुर से गोला जाने वाले वाहनों को हरगांव की तरफ मोड़कर लखीमपुर भेजा जाएगा।
- सीतापुर मुख्यालय से खैराबाद, बिसवां होकर बहराइच जाने वाले वाहनों को सिधौली से लखनऊ भेजा जाएगा। वह लखनऊ से बहराइच जाएंगे।
- सिधौली से बिसवां होकर बहराइच जाने वाले वाहन भी लखनऊ की तरफ भेजे जाएंगे।
- बहराइच से चहलारी घाट होकर सिधौली जाने वाले वाहन रेउसा-महमूदाबाद होते हुए सिधौली आएंगे।
- महमूदाबाद से बिसवां मार्ग को बंद किया जाएगा, महमूदाबाद से सिधौली की तरफ वाहन जाएंगे।
- नैमिषारण पुलिस हरदोई बॉर्डर पर भारी वाहनों को रोक लेगी।