सीतापुर। शहर के श्यामनाथ मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर सावन मास में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। चुंगी चौकी से वाहन को मंदिर की तरफ जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं, गोला की तरफ से आने वाले वाहनों को अमीर नगर तिराहा की तरफ मोड़ दिया जाएगा।
सावन मास में मुंशीगंज स्थित श्यामनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार श्रद्धा उमड़ती है। नैमिषारण्य व कन्नौज के राजघाट से कांवड़िये गंगाजल लेकर आते हैं। इससे इस मार्ग पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। सावन के प्रत्येक रविवार की रात नौ बजे से सोमवार रात नौ बजे तक डायवर्जन किया जाएगा।
यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने बताया कि चुंगी चौकी पर बैरिकेडिंग की जाएगी। लखनऊ, शाहजहांपुर व नैमिषारण्य की तरफ से आने वाले वाहनों को मंदिर की तरफ जाने नहीं दिया जाएगा। वहीं, गोला की तरफ से आने वाले वाहनों को अमीर नगर तिराहा द हिंद स्कूल से बड़ागांव की तरफ मोड़ दिया जाएगा।