झरेखापुर (सीतापुर)। शहर कोतवाली इलाके में लखीमपुर मार्ग पर रविवार की आधी रात एक तेज रफ्तार कंटेनर ने लकड़ी लाद कर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में ट्रॉली पर सवार तीन मजदूूरों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर रात में ही एसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरगांव थाना क्षेत्र के उमरी सलेमपुर गांव के लोग यूकेलिप्टस काटने का काम करते हैं। इन लोगों ने क्षेत्र में लकड़ी कटान की थी। इसके बाद यूकेलिप्टस को वजन कराने के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र के पीरपुर गांव के पास एक धर्म कांटे पर पहुंचे। वहां से वापस आते समय पीरपुर के पास ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जिला मुख्यालय की ओर से जा रहे कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रॉली पर सवार मजदूर छिटक कर दूर जा गिरे।
उमरी सलेमपुर गांव निवासी भजन (40) पुत्र रज्जब, अजमत (22) पुत्र हसमत, राजू (24) पुत्र संकटा सहित आठ अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर शहर कोतवाली पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। घायलों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया। एसपी आरपी सिंह और सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में हाथ बंटाया।
घायलों में भजन व अजमत ने जिला अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया, जबकि राजू को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। उसकी लखनऊ में मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में गांव के हसमत, अल्ताफ, पिंटू, प्रमोद, सियाराम, सरवन, धर्मपाल, संतोष घायल हो गए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंस्पेक्टर शहर कोतवाली टीपी सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। कंटेनर का चालक भी पकड़ा गया है। केस दर्ज किया जा रहा है। मामले में जांचकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।