शहर कोतवाली इलाके में सोमवार शाम रोडवेज परिचालक व वकील पुत्र में मारपीट हो गई। जिसके बाद रोडवेज कर्मियों ने बस स्टॉप के सामने हाईवे जाम कर दिया। विवाद बस में बैठने को लेकर होना बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक रोडवेज के सामने हंगामा जारी था।
शहर कोतवाली इलाके के मोहल्ला घुरामऊ बंगला निवासी उमाशंकर अधिवक्ता है। उनका पुत्र प्रियांशु गुप्ता बरेली में पढ़ता है। सोमवार की शाम प्रियांशु बरेली जा रहा था। बताते है कि बस स्टॉप पर दिल्ली जा रही एक बस में बैठने को लेकर अधिवक्ता पुत्र प्रियांशु का विवाद बस के परिचालक विवेक यादव से विवाद हो गया। विवाद की खबर लगते ही अन्य कर्मचारी एकत्र हो गए।
प्रियांशु का आरोप है कि उसने काल करके अपने चाचा दयाशंकर को बुलाया। इस पर रोडवेज कर्मियों ने प्रियांशु व उसके चाचा की पिटाई कर दी। उधर, परिचालक विवेक यादव का आरोप है कि प्रियांशु व उसके चाचा ने उसकी की पिटाई की। विवाद के बाद प्रियांशु पक्ष ने परिचालक समेत कई लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
इसकी जानकारी मिलते ही रोडवेज कर्मियों ने बसें सड़क पर लगाकर हाइवे जाम कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों में किसी की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस जाम खुलवाने के लिये वार्ता कर रही थी। सवा घंटे बीतने के बाद भी बसों का संचालन शुरू नहीं हुआ था और न ही जाम खुला था।