सीतापुर। जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में बदहाल सड़कों ने आम लोगों का सफर मुश्किल कर दिया है। खराब सड़कों के चलते जहां बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है, वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन जाता है। बदहाल सड़कों से किसानों को अपनी उपज मंडियों और क्रय केंद्रों तक पहुंचाने में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। रात के अंधेरे में गड्ढों से भरी सड़कों पर सफर करना हादसों का सबब बन रहा है।
जिले में छोटी बड़ी 3,813 सड़कें हैं। यह सड़कें 6717 किलोमीटर लंबाई में फैली हैं। लोक निर्माण विभाग के चारों खंडों की ओर से 1572.19 किलोमीटर सड़कें गड्ढा मुक्त करने के लिए चिन्हित की गईं थी। इनमें से 1349.31 सड़कें दुरुस्त करा दी गई हैं। इसके अलावा 635.01 किलोमीटर सड़कों का नवीनीकरण कराया जाना है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मिथिलेश वर्मा ने बताया कि नवनिर्मित सड़कों खराब होने पर पांच साल तक जबकि मरम्मत किए जाने के बाद क्षतिग्रस्त होने पर दो साल तक दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी ठेकेदार अथवा कार्यदायी संस्था की रहती है। ऐसी सड़कों के खराब होने पर संबंधित ठेकेदार दुरुस्त कराता है। इससे पुरानी सड़क के नवीनीकरण की कार्य योजना बनाकर शासन भेजा जाता है। बजट मिलने पर सड़क का नवीनीकरण कराया जाता है।
गोंदलामऊ ब्लॉक में पहला चौराहा से औरंगाबाद होते हुए नैमिष जाने वाला मार्ग दो वर्षों से बदहाल है। सड़क की ऊपरी परत उखड़ गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। राहगीरों को हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय निवासी सौरभ अवस्थी ने बताया कि नैमिषारण्य से जुड़ा होने के कारण श्रद्धालु को भी इस मार्ग पर आवागमन में परेशानी होती है। राहुल ने बताया कि सड़क की ऊपरी परत कई जगह पूरी तरह से उखड़ गई है। अशरफ ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़क पर अक्सर बाइक सवार फिसलकर गिरने से हादसे का शिकार हो जाते हैं। जेई अनिल कुमार ने बताया कि इस मार्ग के लिए बजट नहीं मिल पाया है। बजट आने पर सड़क को दुरुस्त कराया जाएगा।
कसमंडा विकास खंड क्षेत्र में रूढ़ा संपर्क मार्ग एक साल से जर्जर है। यह सड़क रूढ़ा, छरासी, नेवादा, उसरी, बेहड़ा समेत 20 से अधिक गांवों को नेशनल हाईवे से जोड़ती है। इन गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, ब्लॉक, बैंक, तहसील और जिला मुख्यालय आने जाने के लिए इसी सड़क पर आवागमन करना पड़ता है। छात्र मोहित रस्तोगी, राहुल, आनंद, लवकुश व नीतू ने बताया कि जर्जर सड़क पर साइकिल चलाने से जरा सी चूक होने पर गिर कर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीण कमल किशोर, बुद्धा, अनुज मिश्रा ने बताया कि बदहाल सड़क के कारण करीब चार किलोमीटर दूर कमलापुर कस्बे में साप्ताहिक बाजार से लेकर बैंक व अस्पताल जाना तक दुश्वार हो जाता है।