सीतापुर। रेउसा और खैराबाद में आवागमन और पानी की निकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही थीं। इनकी समस्या के समाधान के लिए सांसद विकास निधि से तीन काम कराए जाएंगे। तकरीबन 58.70 लाख रुपये खर्च होंगे। पहली किस्त जारी कर दी गई है। यह काम सांसद राकेश राठौर की निधि से कराए जा रहे हैं।
रेउसा में गुडरुवा देवरिया गांव में गुड्डू के घर तक 120 मीटर सीसी रोड और नाली के निर्माण के कार्य के लिए 15.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रेउसा में सीएचसी से गुंजन गुप्ता के मकान तक 180 मीटर सीसी रोड व नाली निर्माण के लिए 24,23,976 रुपये और खैराबाद ब्लॉक में राजीव कुमार शाह के मकान से अभिनव साहू के मकान तक 155 मीटर में खड़ंजे और नाली का निर्माण कार्य कराने के लिए 18.56 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन कार्यों को कराने के लिए पहली किस्त के रूप में 44,02,503 रुपये जारी किए गए हैं। कार्यों का कराने के लिए तकनीकी स्वीकृति पहले ही जारी की जा चुकी है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग काम करा रहा है।