सीतापुर। कृष्णा कॉलेज कसरैली में 22 बटालियन यूपी एनसीसी सीतापुर की ओर से आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-223 का रविवार को 10वें दिन समापन हो गया। शिविर में कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ विशेष क्लास, ड्रिल, वेपन ट्रेनिंग और मैप रीडिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिनमें क्विज, डिबेट, टेंट पिचिंग, टग ऑफ वार, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, सेक्शन बैटल ड्रिल, रूमाल झपट्टा और ब्रीफिंग शामिल थे। इन प्रतियोगिताओं में चारों कंपनियों के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर की पूर्व संध्या पर कैंप फायर का आयोजन हुआ। जिसमें कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। समापन सत्र के मुख्य अतिथि कमांडर राजकुमार सिंह ने कैडेट्स को शिविर से प्राप्त सकारात्मक सीख को जीवन में उतारने और नकारात्मकता को यहीं छोड़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कैडेट्स को शिविर की दिनचर्या और अनुशासन को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की सलाह दी। इस वर्ष ओवरऑल बेस्ट कैडेट का पुरस्कार श्री कृष्णा कॉलेज की कॉरपोरल रितिका पांडेय को प्रदान किया गया। बेस्ट एसडब्ल्यू कैडेट डीडीयू की कॉरपोरल सहज प्रीत कौर और बेस्ट एसडी कैडेट आरएमपी डिग्री कॉलेज के अंडर ऑफिसर शांतनु चुने गए। जेडी और जेडडब्ल्यू वर्ग में अभिजीत कुशवाहा और गुंजन रावत को बेस्ट कैडेट घोषित किया गया। समारोह में सभी प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेताओं को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।