संदना। दो साल पहले मृत व्यक्ति के नाम 60 हजार रुपये सालाना आय का प्रमाणपत्र जारी किए जाने के मामले में तहसील प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
बिना स्थलीय सत्यापन किए आख्या प्रस्तुत करने के मामले में क्षेत्रीय लेखपाल सुधीर यादव को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रकरण की विस्तृत विभागीय जांच के लिए नायब तहसीलदार मिश्रिख अजय कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
अमर उजाला ने 19 अक्तूबर को मौत के 2 साल बाद आय प्रमाण पत्र जारी होने का मामला प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद हरकत में आए तहसील प्रशासन और उप जिलाधिकारी मिश्रिख ने मामले की जांच कराई। जांच में शंकरपुर मजरा रामगढ़ परगना कोरौना निवासी कन्हई के नाम जारी आय प्रमाणपत्र के प्रकरण में बिना स्थलीय सत्यापन किए आख्या प्रस्तुत किए जाने की बात सामने आई। एसडीएम दीपक गुप्ता ने बताया कि शासकीय दायित्वों और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही, शिथिलता तथा स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में लेखपाल सुधीर यादव को निलंबित किया गया है। जांच में प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया, सत्यापन में हुई चूक और संबंधित अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल होगी।