मिश्रिख। 84 कोसी परिक्रमा में सम्मलित होने वाले श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधा के लिए सभी पड़ावों, तीर्थों व तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। बिजली, सड़क, चिकित्सा इत्यादि के भी समुचित इंतजाम होंगे। यह बात मिश्रिख तहसील सभागार में मंगलवार को परिक्रमा तैयारियों को लेकर हुई बैठक में डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने कही। उन्होंने संतों को भरोसा दिलाया कि संतों के सुझावों पर अमल करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कराई जाएगी।
बैठक में पहुंचे संतों व महंतों का एसडीएम मिश्रिख शैलेन्द्र कुमार मिश्रा ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। बनगढ़ महंत व परिक्रमा समिति के सचिव महंत संतोष दास खाकी व सचेतक ब्रह्मऋषि विमलानंद सरस्वती ने परिक्रमा में होने वाली समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग को गड्ढा मुक्त बनाने के साथ ही चिन्हित स्थानों पर हैंडपंपों की मरम्मत व जल वाहनों द्वारा पेयजल की व्यवस्था कराने के साथ ही पड़ावों पर ठहरने वाले यात्रियों को अंतिम छोर तक परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश के समुचित इंतजाम सुनिश्चित कराए जाए।
एडीएम नितीश कुमार ने कहा कि दिए गए सुझावों पर शत-प्रतिशत अमल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए परिक्रमार्थियों के साथ पुलिस दल चलेगा।
मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या ने कहा कि परिक्रमा के मार्गों को सुधरवाया जाएगा। साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा बैठक में 84 कोसी परिक्रमा समिति के अध्यक्ष महंत नारायण दास, विधायक रामकृष्ण भार्गव, सांसद प्रतिनिधि राज कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।