कल्ली चौराहा (सीतापुर)। मुख्य विकास अधिकारी ने शनिवार को 84 कोसी परिक्रमा के पड़ाव स्थल कोरौना और जरिगवां का निरीक्षण किया। जरिगवां पड़ाव स्थल पर सीडीओ निधि बंसल ने साफ-सफाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि बागों की सफाई ठीक से कराई जाए। सड़क से बाग तक जाने के लिए सही से ढलान बनाया जाए। पाइप लाइन के लिए खोजे गए गड्ढों में मिट्टी डाली जाए। पेयजल व लाइट की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सीडीओ कोरौना पड़ाव पहुंचीं। कोरौना पड़ाव स्थल पर द्वारकाधीश तीर्थ के आसपास अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था समय से पहले दुरुस्त करने को कहा।
सीडीओ ने बताया कि कसमंडा, सिधौली, पहला, सकरन, गोंदलामऊ आदि ब्लॉकों के 200 से अधिक सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। पड़ाव स्थलों पर सफाई शुरू करा दी गई है। पानी, बिजली, ठहराव, सड़क आदि से संबंधित समस्याएं समय से दूर कराएंगे। एक मार्च से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो जाएंगी।