सीतापुर। कोरोना को लेकर भले ही अलर्ट कर दिया गया हो। लेकिन जिले से राहतभरी खबर है। दो दिन पहले 25 मरीजों की हुई जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं मंगलवार को जिला अस्पताल में सांस फूलने के मरीजों को कोविड के लक्षण दिखे। इन मरीजों का कोविड की जांच का सैंपल लिया गया है।
देश दुनिया में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग एहतियात बरत रहा है। पहले चरण में जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के सैंपल लिए जा रहे है। मंगलवार को सांस फूलने संबंधित 23 मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए। इन मरीजों में बुखार, जुखाम, खांसी के लक्षण मिले। चिकित्सकों ने इन्हें कोरोना संदिग्ध मानते हुए इनकी जांच करवाई है। सीएमएस डॉ. आरके सिंह ने बताया कि इससे पहले मरीजों के लिए गए सैंपल निगेटिव आए हैं। सांस के मरीजों की 24 घंटे बाद रिपोर्ट आएगी।
फीवर हेल्प डेस्क पर 52 मरीजों की हुई जांच
जिला अस्पताल में कोरोना को लेकर फीवर हेल्प डेस्क शुरू कर दी गई है। मंगलवार को इस डेस्क पर 52 मरीजों की जांच हुई। ये मरीज ओपीडी में इलाज करवाने आए थे। हालांकि अभी केवल इनडोर मरीजों की ही कोविड जांच हो रही है।