सीतापुर। बेहटा के सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस का संक्रमण फैलने के बाद अब लोग खुद ही जांच करवाने सामने आ रहे हैं। संक्रमित मरीजों के रिश्तेदार व उनके संपर्क में आए लोग जागरूक हो रहे हैं। ये लोग सीएचसी तंबौर पहुंचकर जांच करवा रहे हैं। रोजाना अनुरोध पर चार से पांच लोगों की जांच हो रही हैं। हालांकि अब तक जिनकी भी जांच हुई हैं उनमें कोई भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला है।
सोनसरी गांव में हेपेटाइटिस के 141 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सोनसरी में तो 2614 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। अब इन मरीजों के संपर्क में आए लोग बीमारी की गंभीरता को देखते हुए खुद ही जांच करवाने आ रहे हैं। सीएचसी में रोजाना 40 से 50 मरीजों की विभिन्न बीमारियों की जांच होती है। इसमें चार से पांच ऐसे भी मरीज होते है जो खुद ही डॉक्टर से हेपेटाइटिस की जांच करवाने का अनुरोध करते हैं। यह मरीज शारदा नदी पार करके समौदीडीह से भी आ रहे हैं। इसके अलावा रेंगटा, मतुआ, शाहपुर सहित आठ से 10 गांवों के लोग शामिल है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है इन मरीजों का कही न कही सोनसरी के संक्रमित मरीजों से कनेक्शन रहा है। यह अच्छी बात है कि वह खुद ही अपनी जांच करवा रहे हैं।
सोमवार से लगेंगे शिविर
सोमवार से रोजाना सीएचसी तंबौर के दो गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाएं जाएंगे। इनमें मलेरिया, हेपेटाइटिस सहित अन्य बीमारियों की जांच होंगी। शिविर की रिपोर्ट मिलने पर तत्काल इलाज शुरू करवा दिया जाएगा।
खुद ही करवा रहे जांच
सीएचसी में हेपेटाइटिस की जांच होती है। इसके अलावा शिविर भी लगवाए जाते हैं। यह अच्छी बात है कि अनुरोध पर मरीज खुद ही अपनी जांच करवा रहे हैं। पॉजिटिव मिलने पर पूरा इलाज दिया जा रहा है।
डॉ. मनोज कुमार, सीएचसी अधीक्षक तंबौर