सीतापुर। संपत्ति की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए राहत भरी खबर है। शासन के निर्देश पर रविवार को जिले की सातों तहसीलों के उपनिबंधक कार्यालय खुले रहेंगे। इस दौरान सामान्य कार्यदिवसों की तरह बैनामा, दानपत्र और अन्य लेखपत्रों के पंजीकरण का कार्य किया जाएगा।
स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग की महानिरीक्षक निबंधन डॉ. सारिका मोहन की ओर से जारी आदेश के तहत यह निर्णय चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के राजस्व लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है। सीतापुर सदर, महोली, लहरपुर, बिसवां, महमूदाबाद, सिधौली और मिश्रिख तहसीलों में स्थित सभी उपनिबंधक कार्यालय रविवार को संचालित होंगे। सब रजिस्ट्रार सीतापुर विनय सिंह ने बताया कि रविवार को कार्यालय खुलने की जानकारी अधिवक्ता संघों और दस्तावेज लेखक संघों के माध्यम से प्रसारित कराई जा रही है। इस व्यवस्था से उन लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी, जो व्यस्तता के चलते सामान्य कार्य दिवसों में अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं करा पाते हैं। (संवाद)