सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने शनिवार को विकासखंड सिधौली के आंगनबाड़ी केंद्र देवीपुर में संचालित वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान तैनात एएनएम के अभिलेख अपडेट न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किए जाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उपलब्ध उपकरणों के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही उनके समुचित उपयोग के निर्देश भी दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण संबंधी अभिलेख के साथ ही हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से संबंधित रजिस्टर व सीएचसी को रेफर किए गए मरीजों से जुड़े अभिलेखों काे भी देखा।
डीएम ने अपने सामने गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच कराई। सत्र में सभी तैयारियां पूर्ण न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल सुधारने के लिए कहा। अभिलेखों के परीक्षण में एएनएम निधि देवी के अभिलेख अपडेट न पाए जाने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के साथ ही सीएचओ के पास अभिलेख उपलब्ध न होने पर उनके वेतन इंक्रीमेंट में 5 प्रतिशत की कटौती करने का निर्देश दिया।