खैराबाद। ग्राम पंचायत परसेहरा कला में सीडीओ के निर्देश पर कच्ची शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। आबकारी निरीक्षक ने दो आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराई है।
सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या 13 फरवरी को ग्राम पंचायत परसेहरा कला गई थीं। कुछ महिलाओं ने ग्राम पंचायत के नेवादा गांव में कच्ची शराब बनने की शिकायत की थी। इस पर सीडीओ ने जिला आबकारी अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
19 फरवरी को क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक सदर ने नेवादा गांव में सुबह 7:35 पर दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध घरों की तलाशी ली। गांव निवासी जगदेई के घर से 5 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। दो डिब्बों में लगभग 30 किलो लहन बरामद हुई।
पड़ोस स्थित उनके पुत्र रामचंदर के घर से लगभग 10 लीटर कच्ची शराब व 50 किलो लहन बरामद हुई। दबिश के दौरान जगदेई मौजूद मिलीं। रामचंदर भाग गया। टीम ने बरामद कच्ची शराब को कब्जे में लिया और लहन को नष्ट कराया। आबकारी निरीक्षक ने जगदेई व रामचंदर पर एफआईआर दर्ज कराई है। कार्रवाई के बाद गांव की कई महिलाओं ने शनिवार को विकास भवन आकर सीडीओ का आभार जताया।