सीतापुर। अमर उजाला फाउंडेशन के साथ समाजसेवी गरीबों की मदद करने में लगे हुए हैं। समाजसेवियों ने शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में राशन सामग्री वितरित करके गरीबों की भूख मिटाई।
कोरोना वायरस के चलते पूरा देश इस समय लॉकडाउन के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में जरूरतमंदों को अमर उजाला व समाजसेवियों की तरफ से राशन सामग्री, लंच पैकेट व साफ सफाई किट वितरित की जा रही है। शनिवार को देवेंद्रनाथ मिश्र, रामचंद मिश्र, बाल विनोद चतुर्वेदी, प्रमोद कुमार, ऋषि प्रकाश बाजपेई, श्री बिहारी जी सेवा समिति की ओर से शहर के जंगलीनाथ मंदिर के आसपास झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को राशन सामग्री वितरित की गई। इसके अलावा तमाम जगहों पर साफ सफाई किट दी गई। बाल विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि जब तक लॉकडाउन चलेगा, यह अभियान अनवरत जारी रहेगा।
आजमवादी मंच की तरफ से ईद को देखते हुए गरीब मुस्लिम परिवार को सेवई, चीनी व घी बांटा गया। शारिब खां ने बताया कि अलविदा की नमाज के बाद से वितरण किया गया। इस अवसर पर खालिद खां, फैजी खां, मुजीब दरबार, शादान खां आदि मौजूद रहे।
इसी प्रकार रेल विकास निगम की लखनऊ, कार्यदायी संस्था कलपतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड की ओर से सीतापुर नेशनल हाईवे पर लखनऊ-सीतापुर सीमा के बॉर्डर स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर बाहरी प्रदेशों से आए प्रवासी मजदूरों को लंच पैकेट, गुड़, केला, पानी, मॉस्क, सैनिटाइजर इत्यादि का वितरण किया। इस मौके पर प्रबंधक जगन्नाथ मिश्रा, हीरालाल मिश्रा, अभय कांत झा , वीरेंद्र सिंह, आशीष सिंह, शैलेंद्र यादव, रंजीत, मिथुन, विकास वर्मा, श्री नारायण मिश्रा, यश चड्ढा व अशोक ने अपना विशेष सहयोग दिया।