पिसावां थाना इलाके में लेवा तालाब व गन्ने के खेत से काफी मात्रा में सड़ा गेहूं पड़ा मिला है। आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम लेवा तालाब से महज पांच सौ मीटर की दूरी पर है। बोरे भी जला दिए गए हैं।
महमदापुर में आवश्यक वस्तु निगम का गोदाम है। रविवार को गोदाम से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर पूरब दिशा में स्थित लेवा तालाब में सैकड़ों बोरी सड़ा हुआ गेहूं पड़ा पाया गया। तालाब के पड़ोस गन्ने के खेत से भी भारी मात्रा में सड़ा अनाज मिला है। वहीं पहचान मिटाने में खाली बोरों में आग लगा दी गई।
लोगों का कहना है कि यह अनाज पिछले दिनों गोदाम में भीग जाने वाला गेहूं है। ग्रामीणों के मुताबिक अनाज के सरकारी होने की संभावनाएं ज्यादा हैं। कोई भी व्यक्ति अनाज सड़ने के शुरुआती दौर में इसे बचाने के हर संभव जतन करता। खाली बोरे आग में नहीं झोंकता। जिला पूर्ति अधिकारी अभय सिंह बोले कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी।