सीतापुर। थानगांव में बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी सदरपुर के सद्दूपुर महरिया निवासी भोलाशंकर को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है। सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया कि मंगलवार भोर में मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेर्रा गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भोलाशंकर ने पहले भागने की कोशिश की, फिर खुद को घिरा देख जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
गनीमत रही कि कोई भी पुलिसकर्मी हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने भी चेतावनी के बाद आत्मरक्षार्थ फायरिंग की। गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और 350 रुपये नकदी बरामद हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहां से छुट्टी मिलने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को एसपी अंकुर अग्रवाल ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।