सीतापुर। भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े 20 से अधिक मोहल्ले में शनिवार को छह घंटे बिजली गुल रही। इसकी वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इससे करीब 50 हजार की आबादी प्रभावित हुई। इस उपकेंद्र से जुड़े 11 केवी रामलीला मैदान फीडर पर शनिवार को मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया।
सुबह 10 से शाम चार बजे तक कटौती की गई। इस कटौती के कारण कांशीराम कॉलोनी, मन्नी चौराहा, मुंशीगंज, हेमपुरवा, रामलीला मैदान व तरीनपुर सहित अन्य मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही। लंबी बिजली कटौती के चलते घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। पानी का संकट खड़ा हो गया।
व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ। वह शाम तक बिजली आने का इंतजार करते रहे। पेड़ों की छटाई के बाद शाम को आपूर्ति बहाल हुई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ हिमांशु पटेल ने बताया कि मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया था।
राठौरपुर इलाके में भी सात घंटे बंद रही आपूर्ति
सीतापुर। मछरेहटा उपकेंद्र के सूरजपुर फीडर से गांवों में शनिवार को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण के चलते बिजली लाइनों की शिफ्टिंग की गई। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।