केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने तीसरे के चरण चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को जिले में तीन जनसभाओं में सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में यूपी में भ्रष्टाचार व दंगों की बाढ़ आ गई है।
यूपी के हालात बदलने को अब भाजपा सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो नैमिष को पर्यटन का दर्जा दिलाएंगे। मिश्रिख में भाजपा प्रत्याशी में समर्थन में आयोजित जनसभा में केंद्रीय मंत्री ने सपा सरकार को निशाने पर लिया।
भारी भीड़ से उत्साहित केंद्रीय मंत्री ने लोगों से पूछा कि आप बताइए, यहां सब कैसा है। विकास हुआ, कानून व्यवस्था ठीक है। पब्लिक ने भी नहीं में जवाब दिया। इस पर वह बोले कि मुख्यमंत्री तो बोल रहे हैं कि बहुत काम कराया है। उन्होंने कहा कि यूपी के हालात बदलने को भाजपा सरकार जरूरी है।
कहा कि हमने उज्ज्वला योजना के जरिए गरीब परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। जन-धन खाते खुलवाए। नोटबंदी का फैसला लेकर प्रधानमंत्री ने देश व जनता के भविष्य को संवारने का काम किया है। आज भले तकलीफ हुई हो लेकिन आने वाले समय में इसके कई लाभ दिखाई देंगे।
वह बोले हमने सेना से कह रखा है, पहले गोली मत चलाना लेकिन दुश्मन यदि पहल करे तो गोलियां गिनना भी मत। देश से बढ़कर कुछ नहीं। हमने सर्जिकल स्ट्राइक कर पूरी दुनिया में यह संदेश दिया है, कि हम सरल हैं, लेकिन कमजोर नहीं।
कहा कि राहुल जिस साइकिल पर बैठे हैं, मुलायम सिंह ने उसे पहले ही पंक्चर कर दिया है। जनसभा में मुख्य रूप से सांसद राजेश वर्मा, अंजूबाबा के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।