सीतापुर। जिले में कई स्थानों पर दोपहर बाद तेज बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। किसान भी खेतों में पानी भरने से गदगद दिखे। शुक्रवार सुबह 10 बजे से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया था। दोपहर को गर्मी के तेवर और तीव्र हो गए।
दोपहर करीब दो बजे जिले के महोली, पिसावां, हेमपुर, कटीली, ऐलिया आदि क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। महोली क्षेत्र के प्रगतिशील किसान अरविंद सिंह, प्रदीप वर्मा तथा रामभवन सिंह, सियाराम वर्मा, राकेश कुमार आदि किसानों ने बताया कि इस बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है।
दूसरी ओर धान की रोपाई का काम तेजी से शुरू हो गया है। जिनके खेत तैयार थे और उनमें पानी की कमी थी, इस बारिश से उन खेतों में धान की रोपाई आसान हो गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले सप्ताह अच्छी बारिश होने की संभावना है।