खैराबाद में रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे की इलेक्ट्रिक लाइन से छुआ बैरियर गेट।
खैराबाद। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे से सटे मछरेहटा चौराहे पर खैराबाद से लहरपुर-तंबौर जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 71 पर बुधवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेट टेस्टिंग के दौरान खैराबाद से सिधौली जा रहा ट्रेलर रेलवे बैरियर से टकरा गया।
टक्कर से बैरियर टूट गया और ट्रेलर रेलवे लाइन तक पहुंच गया। इस दौरान रेलवे की बिजली सप्लाई लाइन के संपर्क में आने से चिंगारी निकलने लगीं। सूचना पर पहुंची पुलिस और आरपीएफ ने ट्रेलर को हटवाया। इसके बाद यातायात को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित कराया गया।
खैराबाद की ओर से आने वाले वाहनों को वापस डीजे कॉलेज चौराहा से एआरटीओ कार्यालय होते हुए सीतापुर की तरफ डायवर्ट किया गया। वहीं हाईवे की ओर से आने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया गया। यह हादसा शाम करीब 4:43 बजे हुआ। इसके चलते करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। इस बीच सीतापुर से लखनऊ जाने वाली गोमती पैसेंजर ट्रेन संख्या 55089 को शाम 5:10 बजे खैराबाद पहुंचना था, लेकिन वह 5:48 बजे स्टेशन पहुंची।
इस तरह ट्रेन करीब 38 मिनट देरी से पहुंची। आरपीएफ ने ट्रेलर और चालक को कब्जे में ले लिया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि ट्रेलर ने रेलवे फाटक तोड़ दिया था। चालक पर कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रित कर ली गई थी।