झरेखापुर (सीतापुर)। गोन नदी पर बनी पुलिया की रेलिंग टूटी होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। लोगों ने पुलिया की टूटी रेलिंग की मरम्मत की मांग की है। हरगांव क्षेत्र में निकली गोन नदी नरायनपुर गांव के पास मलिहाबाद से नेवादा संपर्क मार्ग पर बनी पुलिया की रेलिंग काफी समय से टूटी है। ग्रामीणों के मुताबिक हरगांव चीनी मिल व डिस्टलरी का गंदा पानी इसी पुलिया के नीचे से बहता है।
पुलिया की रेलिंग टूटे हुए करीब एक वर्ष से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन कोई इसकी सुध नहीं ले रहा है। नेवादा के प्रधान सरवन जायसवाल, रमाकांत, दिनेश, संगीता ने बताया कि नेवादा नरायनपुर, माधवपुरवा, फिरोजपुर गडसारी, सुलेमानपुर आदि गांवों के राहगीरों व स्कूली बच्चों का प्रतिदिन इस पुलिया से गुजरना होता है। बच्चों के गिरने का डर बना हुआ है।
यही नहीं कई बार बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। नेवादा निवासी भाजपा नेता रोहित मिश्र मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराकर पुलिया की टूटी रेलिंग की मरम्मत कराने की मांग की है।