सीतापुर। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बृहस्पतिवार को पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी के परिजनों से मुलाकात की। उन्हाेंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिया। पवन गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकार के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
आरपीआई प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि पत्रकार राघवेंद्र बाजपेयी के बूढ़े पिता के आंसू देखकर मन द्रवित है। हत्यारों ने पूरा परिवार बर्बाद कर दिया। राघवेंद्र बाजपेयी एक सच्चे, ईमानदार, निष्ठावान पत्रकार थे। उन्होंने कभी अपनी कलम से समझौता नहीं किया। हमेशा सच की आवाज बुलंद की। वह लगातार धान खरीद में बड़े घोटाले को उजागर कर रहे थे। कहा कि जब अपराधी पैसे और ताक़त से उनकी कलम को झुका नहीं पाए तो उनकी दिनदहाड़े हाईवे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये बेहद जघन्य हत्याकांड है। कहा कि इस हत्याकांड का संज्ञान आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने भी लिया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह का कायराना हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आरपीआई प्रदेश अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि पत्रकार राघवेन्द्र बाजपेयी को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज चौधरी, प्रदेश महासचिव आलोक कुमार, प्रदेश प्रवक्ता खुशीराम चौधरी, एडवोकेट अनूप अवस्थी व अन्य मौजूद रहे।