सदरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर के पड़ोस सार्वजनिक शौचालय निर्माण का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने रात में ही प्रतिमाएं रखकर पूजन शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की टीम पहुंची। प्रतिमाएं मौके से हटवा दी गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण स्थल पर प्रतिमाएं रखवा दी गई थीं। उन्हें हटवा दिया गया है। अब कोई विवाद नहीं है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के जवाहरपुरवा गांव में एक प्राचीन धर्म स्थान है। वहां गांव सहित आसपास के लोग पूजा अर्चना करते हैं। ग्रामीणों ने काफी समय पहले मंदिर निर्माण भी करा दिया था। मंदिर अब भी निर्माणाधीन है। इसी के निकट ग्राम समाज की भूमि है, जिसे प्रधान और सेक्रेटरी द्वारा सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिये प्रस्तावित किया गया है। ग्रामीण मंदिर के बगल में शौचालय निर्माण का विरोध कर रहे हैं।
काफी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में इकट्ठा होकर शौचालय कहीं दूसरी जगह पर बनवाने की मांग पर अड़ गए। शौचालय निर्माण स्थान पर भगवानों की प्रतिमा, झंडे व लाउडस्पीकर लगाकर पूजा शुरू कर दी। प्रधान रामलली देवी ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। सूचना पाकर एसडीएम महमूदाबाद पीएल मौर्य, सीओ महमूदाबाद रविशंकर प्रसाद, थानाध्यक्ष सदरपुर उमाकांत दीपक व क्षेत्रीय लेखपाल सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने प्रतिमाएं व लाउडस्पीकर हटवा दिया। प्रशासनिक अफसरों के पहुंचने के दौरान शौचालय की प्रस्तावित भूमि पर रामायण पाठ आदि चल रहा था। लेखपाल राजकुमार व पंचायत सचिव अनुज उमराव ने बताया कि सरकारी जमीन पर सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन गांव वालों का कहना है कि शौचालय का निर्माण मंदिर के बगल में न किया जाए।
गांव वालों का यह भी कहना है कि जहां शौचालय बनवाया जा रहा है, उस जमीन पर मुकदमा भी चल रहा है। सीओ ने बताया कि सदरपुर सदरपुर के जवाहरपुर में सामुदायिक शौचालय का निर्माण चल रहा था। रात में किसी ने वहां पर प्रतिमाएं रख दी थी, उन्हें हटवा दिया गया है। अब कोई विवाद की स्थिति नहीं है।