सीतापुर। रक्षाबंधन व 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर बुधवार को दिनभर बाजार गुलजार रहा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर जहां सरकारी कार्यालयों को रंगीन झालरों से सजाया गया। वहीं, बच्चे इस जश्न में डूबने के लिए बाजार से तिरंगा, कैप व टैटू खरीदने में मशगूल रहे। विद्यालयों में पूर्व संध्या पर कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
रक्षाबंधन को लेकर एक से बढ़कर मिठाइयां बाजार में बिक रही है। महिलाएं दिनभर अपने भाई को राखी बांधने के लिए खरीदारी में जुटी रही। सावन माह का आखिरी दिन होने के कारण शिव मंदिरों में भी तैयारियां होती रही।
मिठाइयों की दुकानों पर रौनक
रक्षाबंधन पर मिठाइयों का विशेष महत्व है। बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर मुंह मीठा कराती है। इस समय बाजार में 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये किलो तक की मिठाई बिक रही है।
अगर ड्राई फ्रूट की बात की जाए तो यह शानदार पैक में ढाई हजार से चार हजार रुपये में बिक रही है। व्यापारियों का कहना है कि पांच सौ रुपये किलो के अंदर तक की अधिक मिठाई बिक रही है।
झालरों से चमक रहे दफ्तर
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सरकारी कार्यालय दुल्हन की तरह सजाए गए है। कलेक्ट्रेट परिसर में शानदार झालरें लगाई गई है। शाम को लाइटें जलते ही पूरा परिसर दूधियां रोशनी में नहा उठा।
लालबाग चौराहे सहित अन्य जगहों पर शानदार लाइटिंग की गई है। इसके अलावा नगरपालिका सीतापुर, तहसीलें, ब्लॉक मुख्यालय भी झालरों से सजाई गईं।
सावन का अंतिम दिन : जंगलीनाथ मंदिर में होगी महाआरती
सावन माह का आखिरी दिन गुरुवार को है। इस माह की विदाई बेला पर गुरुवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालु जुटेंगे। इसको लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट है।
मंदिरों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। कांवड़ वाले मार्ग पर भी मुस्तैदी रहेगी। शाम के समय जंगलीनाथ मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन किया गया।
राखियों की दुकान पर भीड़
रक्षाबंधन पर राखियों का अपना अलग ही महत्व है। बहनें अपने भाइयों के लिए रंग-बिरंगी राखियां खरीद रही हैं। हर गली से लेकर मुख्य बाजार तक राखियों की दुकान से पट चुका है।
बाजार में इस समय पांच रुपये से लेकर 200 रुपये तक की राखियां मौजूद है। इसमे सबसे अधिक 50 रुपये से कम की कीमत की राखियां बिक रही है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले दो दिन से राखियों की जमकर बिक्री हो रही है।