सीतापुर। कोरोना वायरस से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार तैयारियों में जुटा है। अब खैराबाद में बंद पड़े ट्रॉमा सेंटर को स्वास्थ्य महकमे ने फैसिलिटी क्वारंटीन बनाने का फैसला लिया है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
खैराबाद के जमैयतपुर में ट्रॉमा सेंटर बना है। हालांकि, करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुआ ये ट्रॉमा सेंटर भी शोपीस है। वजह, संसाधनों से लेकर डॉक्टरों तक की तैनाती नहीं है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर चालू होने की लोग अभी भी राह देख रहे हैं। कब से सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी, ये कहना मुश्किल है, लेकिन कोरोना संकट काल में स्वास्थ्य विभाग ने शोपीस बने इस ट्रॉमा सेंटर को इस्तेमाल करने का फैसला लिया है।
सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सरकार लगातार अस्पताल व बेडों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में ट्रॉमा सेंटर को फैसिलिटी क्वारंटीन बनाया गया है। यहां पर 20 बेडों की व्यवस्था की गई है। फैसिलिटी क्वारंटीन में कोरोना संदिग्धों को लाया जाएगा। यहीं से सैंपल लेकर टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड अस्पताल व निगेटिव आने पर घर भेजा जाएगा।