सीतापुर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के टेकनपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल प्रशिक्षण संस्थान में 9 फरवरी से 27 फरवरी तक अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। इसमें सीतापुर पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) के अश्वारोही पहली बार दमखम दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में बीते दिनाें मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक अश्वारोहण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले अश्व व अश्वारोहियों को शामिल किया गया है।
एडीजी (पीटीसी) विजय सिंह मीणा ने बताया कि टेकनपुर स्थित बीएसएफ अकादमी में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता होगी। इसके लिए पीटीसी के वार्म ब्लड ब्रीड के अश्व शाहीन संग कुल नौ अश्वों की टीम को टेकनपुर भेजा जाएगा। इस टीम के साथ पीटीसी के पांच अश्वारोही भी जाएंगे। सीतापुर पीटीसी के अश्व व अश्वारोही पहली बार इस प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें दिसंबर माह से ही लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनका प्रशिक्षण मुरादाबाद स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में चल रहा है। 9 फरवरी को टीम टेकनपुर पहुंचेगी।