सिधौली (सीतापुर) यूरिया खाद की किल्लत से परेशान किसानों के सब्र का बांध अब टूटने लगा है। मंगलवार को खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए किसानों ने प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है।
सिधौली खाद समिति पर मंगलवार को इलाके के काफी संख्या में किसान खाद लेेने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिली। दोपहर तक कड़ी धूप में लाइन में लगकर परेशान होते रहे। इसके बाद भी यूरिया नहीं मिलने से वे भड़क उठे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। समिति पर हंगामा कर रहे किसानों ने बताया कि खाद के पैसे भी जमा करा लिए गए और एक क्लर्क यूरिया भी थी।
किसानों के सामने ही पिकअप में खाद की बोरियां लादकर भेज दी गईं। चार-पांच किसानों को खाद दी गई, बाकी को कल आने को कहा गया। किसान रामदीन, प्रदीप, सर्वेश, राकेश आदि का आरोप था कि खाद की कालाबाजारी की जा रही है। गुस्साए किसानों ने एसडीएम को पत्र सौंपकर मामले में जांच कराकर केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
एसडीएम सिधौली संतोष कुमार ने बताया कि यूरिया की कालाबाजारी किए जाने का प्रार्थना पत्र मिला है। जिला कृषि को बता दिया गया है। वह मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे।
केंद्र प्रभारी कृफको योगेंद्र सिंह ने बताया कि किसानों का आरोप गलत है। सभी किसानों को खाद 270 की रेट में दी जा रही है। आज खाद समाप्त हो जाने पर कुछ किसानों को नहीं मिल पाई। खाद आने पर दी जाएगी।