प्रदर्शन के दौरान पुलिस से उलझे परिजन।
रामकोट। ईंट भट्ठे पर मजदूर की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने मंगलवार को मृतक का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज लोग उचित मुआवजा दिलाए जाने के साथ मामले की जांच की मांग कर रहे थे। हंगामा करीब तीन से चार घंटे तक चला। इससे सीतापुर रामकोट मार्ग पर आवागमन भी घंटों बाधित रहा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मांगों का निस्तारण कराए जाने के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।
मधवापुर गांव निवासी राजेश (40) की सोमवार को कटिया गांव स्थित ईंट भट्ठे पर मौत हो गई थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने शव को सीतापुर रामकोट मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। समझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों की प्रदर्शनकारी महिलाओं से शव को लेकर छीना झपटी भी हुई। देर शाम तक हंगामा चलता रहा। एएसपी विनायक गोपाल भोसले के समझाने पर परिजन अंतिम संस्कार करने को राजी हुए।