नगर में ब्लॉक कार्यालय के सामने रखी शराब की दुकान के विरोध में शुक्रवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। दिन भर सार्वजनिक स्थल पर शराबियों का जमावड़ा लगने से होने वाली दिक्कतों का हवाला देकर लोगों ने सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कारियों की मांग बस्ती के बीच से शराब की दुकान हटाए जाने की है। प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह उग्र नागरिकों को शांत कराया। पुलिस ने जल्द ही इस मसले का निदान कराने का आश्वासन दिया है।
मालूम हो, कि न्यायालय के आदेश पर हाईवे के किनारे से शराब दुकानें हटा दी गई हैं। अब शराब कारोबारियों ने अपनी दुकानें बस्ती में रख ली हैं। इसी तरह यहां ब्लॉक कार्यालय के सामने देशी शराब की दुकान रख दी गयी है।
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक शराब की दुकान पर दिन भर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है । शराबी नशे में धुत होकर बवाल करते रहते हैं। यही नही शराबी अभद्र भाषा का प्रयोग भी करते है। जिसके चलते लोगों का राह निकलना दुश्वार हो गया है।
नगर का यह व्यस्ततम मार्ग है। शराबियों के हुल्लड़ से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है। नागरिकों ने प्रशासन से यह शराब दुकान हटवाए जाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई।
लिहाजा, शुक्रवार को आखिरकार नागरिकों का गुस्सा फू ट पड़ा और दुकान का शटर गिराकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
कोतवाली प्रभारी योगेश शाह ने प्रदर्शन कारियों से वार्ता कर समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया , जिसके बाद प्रदर्शन कारी शांत हुए। इस मौके पर रामू, रवीन्द्र, प्रेम कुमार, उमर, उस्मान आदि मौजूद थे।