जिले में 21 जुलाई से चल रहे चेकिंग अभियान को लेकर पावर कॉर्पोरेशन ने शहरी इलाके में नया रोस्टर लागू किया है। इसके तहत नए सीतापुर में सुबह पांच से आठ, दोपहर एक से चार व शाम को छह से नौ बजे तक जबकि पुराने सीतापुर के भवानीपुर में सुबह चार से आठ, शाम पांच से नौ बजे तक कटौती होनी है।
रोस्टर के मुताबिक शहर को 15 घंटे बिजली मिलनी चाहिए लेकिन बमुश्किल दस घंटे ही आपूर्ति हो रही है। पिछले कई दिनों से शहर में रात दस से एक बजे या फिर 12.30 से 3.30 बजे तक कटौती की जाती है। इमरजेंसी कटौती से लोगों की नींद उड़ गई है।
रविवार रात इससे गुस्साए लोग झुंड में गुरु गोविंद सिंह चौक (ट्रांसपोर्ट चौराहा) पहुंचे व वहां मार्ग अवरुद्ध कर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पाकर एसडीएम सदर बीएन यादव व सीओ ने मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
कहा कि इस मसले पर पावर कॉर्पोरेशन के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। काफी समझाने-बुझाने के बाद आंदोलनकारी प्रदर्शन समाप्त करने को राजी हुए। इस दौरान शैलेंद्र निगम आदि नागरिक मौजूद रहे।
चरमराई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को लेकर शहर विधायक राधेश्याम जायसवाल ने डीएम को पत्र लिखा। इसके मार्फत उन्होंने अघोषित बिजली कटौती से निजात दिलाने की मांग की है। विधायक ने कहा कि सीतापुर शहर में रात के समय इमरजेंसी विद्युत कटौती से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। समाधान न होने पर पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों के आवासों का घेराव किया जाएगा।