कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम को शिकायती पत्र सौंपती पीड़िताएं। संवाद
सीतापुर। मिश्रिख के चंद्रावल निवासी अनुज त्रिवेदी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को महाराष्ट्र व प्रयागराज की चार पीड़िताओं ने एक सामूहिक शिकायती पत्र एडीएम आयुष चौधरी को सौंपा। पीड़िताओं ने अनुज पर कई महिलाओं से करीब 600 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया। साथ ही आरोपी की संपत्ति कुर्क कर रकम, जेवर आदि सामान वापस दिलाने की मांग की है। पीड़िताओं ने बुधवार को एडीएम से मुलाकात की। बताया कि वह सभी आरोपी के गांव गई थीं। आरोपी अनुज ने अजय गुप्ता, अजय अग्रवाल, अविरल, चंद्रप्रकाश व अन्य छद्म नामों से उनके साथ ठगी की है। आरोपी अनुज ने 73 वर्षीय महिला को भी नहीं छोड़ा। उनसे 54 लाख रुपये नकदी, 950 ग्राम जेवर व अन्य सामान हड़प लिया। पीड़िताओं ने बताया कि आरोपी ने विभिन्न महिलाओं से करीब छह सौ करोड़ रुपये की ठगी की है। राजनीतिक रसूख के कारण कोई एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है। सभी ने कठोर कार्रवाई की मांग की है।