सीतापुर। क्रिप्टो एक्सचेंज एप के माध्यम से ठगी करने के आरोपियों की संपत्ति को शहर कोतवाली पुलिस ने कुर्क किया है। पुलिस ने आरोपियों की तीन करोड़ की संपत्ति के साथ 20 खातों में जमा 46 लाख रुपये की राशि को सीज किया है। यह जानकारी शुक्रवार को एक वार्ता में एसपी अंकुर अग्रवाल ने दी।
नवीन चौक निवासी विराट राठौर ने बॉम्बीटेक्स व बी मैक्स कंपनी के सीईओ जय प्रकाश मौर्या, डायरेक्टर अनुष्का, देवेंद्र मौर्या, नितिका मौर्या, दयाशंकर मौर्या के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई ई थी। आरोप था कि ट्रेंडिग एप में निवेश का झांसा देकर आरोपियों ने पीड़ितों से ठगी की थी। पुलिस ने देवेंद्र मौर्या को 30 नवंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था। बीते बृहस्पतिवार को एक अन्य आरोपी दीपक यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों की अपराध से कमाई गई संपत्ति को शुक्रवार को उपनिरीक्षक यज्ञपाल वर्मा ने मौके पर जाकर जब्त करने की कार्रवाई पूरी की।
इस दौरान आरोपियों की उन्नाव जिले के तहसील हसनगंज गांव पिछवाड़ा में स्थित एक जमीन, लखनऊ के गोल्फ सिटी के रसूलपुर गांव में स्थित जमीन को जब्त किया गया। जिसकी कीमत तीन करोड़ रुपये है। इसके अलावा 20 खातों में जमा 46 लाख रुपये व छह लाख रुपये की बीमा पाॅलिसी की धनराशि को सीज कर दिया गया है। साथ ही एक लग्जरी कार व एक भूखंड को भी सीज किए जाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि नए कानून के तहत 60 दिनों के अंदर कुर्क संपत्ति की नीलामी करते हुए डीएम के निर्देश के बाद पीड़ितों को धनराशि वितरित की जाएगी।