पंचायत उपचुनाव के गुरुवार को चुनावी नतीजे जारी कर दिए गए। बिसवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुरेरा व जमौरा में प्र्रधान पद के लिए सोमवार को वोट पड़े थे। घोषित नतीजों में गुरेरा से चंद्र मोहन प्रधान निर्वाचित हुए हैं। जबकि जमौरा से प्रेमा देवी प्रधान चुनी गईं।
दिसंबर में हुए प्रधान के चुनाव में बिसवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुरेरा व जमौरा में तृतीय चरण में मतदान होना था, पर नामांकन प्रक्रिया के बाद इन ग्राम पंचायतों में एक-एक उम्मीदवार की आकस्मिक मृत्यु हो गई थी।
जिस कारण दोनों ग्राम पंचायतों में प्रधानी चुनाव का मतदान रद्द कर दिया गया था। जिला प्रशासन ने दोनों रिक्त सीटों पर मतदान कराने के लिए आयोग से अनुमति मांगी थी।
इस पर आयोग ने बिसवां ब्लॉक की दोनों रिक्त सीटों पर पांच जनवरी को मतदान व सात जनवरी को मतगणना का कार्यक्रम घोषित किया था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रधान पद के उपचुनाव में ग्राम पंचायत गुरेरा में 11 व जमौरा में 13 प्रत्याशी अखाड़े में थे।
सोमवार को प्रधान पद के उपचुनाव की वोटिंग में गुरेरा में 87 फीसदी व जमौरा में 76 फीसदी वोट पड़े थे। इन पदों की मतगणना को लेकर गुरुवार को सुबह से बिसवां ब्लॉक मुख्यालय पर गहमागहमी शुरू हो गई थी।
सुबह 10 बजे ब्लॉक मुख्यालय पर सील मतपेटियां खोली गईं। बाद में इनकी गणना की गई। घोषित नतीजे में बिसवां की ग्राम पंचायत जमौरा से प्रेमा देवी प्रधान निर्वाचित हुई हैं।
प्रेमा को 428 मत मिले हैं। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी हरीश को 397 मत हासिल हुए। ग्राम पंचायत गुरेरा में चंद्र मोहन प्रधान चुने गए हैं। चंद्र मोहन को 876 मत हासिल हुए। जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनुपम पटेल विजयी हुए। अनुपम को 492 मत मिले।