मिश्रिख। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान बुधवार को एक गर्भवती की मौत हो गई। परिवार वालों ने चिकित्सकों पर गलत इलाज करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतका पूजा के जेठ ने मौत के बाद भी लखनऊ रेफर किए जाने व एंबुलेंस चालक पर शव को मछरेहटा सीएचसी में छोड़कर चले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मिश्रिख के बैकुंठापुर गांव निवासी सोबरन के मुताबिक बुधवार सुबह वह अपने भाई गोविंद की पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी मिश्रिख लाया था। अस्पताल में भर्ती कर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
सोबरन ने बताया कि डॉक्टरों ने पूजा को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसे होश नहीं आया। सोबरन ने डॉक्टरों पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पूजा की मौत के बाद भी लखनऊ रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस चालक को जब मौत होने की बात पता चली तो वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछरेहटा में शव छोड़कर भाग गया। मिश्रिख पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिश्रिख सीएचसी अधीक्षक डाॅ. प्रखर श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जानकारी है। मौके पर डॉक्टर आकांक्षा व स्टाफ नर्स शशि मौजूद थीं। जांच की जाएगी। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।