नैमिषारण्य में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में पीआरडी जवान ने लाइन में खड़े एक बुजुर्ग को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरे बुजुर्ग ने जब इसका विरोध किया तो पीआरडी जवान ने उसे पीट दिया। लाइन में खड़े अन्य लोगों ने उसे रोका तो उनसे भी अभद्रता की। बाद में लोगों के एकजुट होने पर पीआरडी जवान भाग खड़ा हुआ।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भैरमपुर निवासी प्रहलाद (65) गुरुवार को खाते से रुपये निकालने के लिए नैमिषारण्य स्थिति इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक गए थे। प्रहलाद लाइन में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, उसी दौरान पीआरडी जवान धीर सिंह वहां पहुंचा और लाइन सीधी कराते समय बुजुर्ग को धक्का दे दिया।
इससे बुजुर्ग जमीन पर गिर गया। जब उसने इसका विरोध किया तो पीआरडी जवान ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई से बुजुर्ग जख्मी हो गया। बुजुर्ग की पिटाई का विरोध वहां मौजूद लोगों ने किया। इस पर पीआरडी जवान ने उनसे भी अभद्रता की। हंगामा होने पर पीआरडी जवान वहां से भाग खड़ा हुआ।
इस घटना को लेकर बुुजुर्ग ने बैंक मैनेजर अरुण त्रिपाठी से शिकायत की। बुजुर्ग इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने की बात भी कह रहा है। बैंक मैनेजर ने बताया कि इस बात की जानकारी अधिकारियों को दी गई है। वे ही इस मामले में कार्रवाई करेंगे।
एसपी सौमित्र यादव ने बताया कि बैंक की लाइन में लगे बुजुर्ग की पीआरडी जवान द्वारा पिटाई का मामला संज्ञान में नहीं है। इनके जिम्मेदार जिला युवा कल्याण अधिकारी होते हैं। इनकी थाने से ड्यूटी नहीं लगती है।
फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है, इस मामले में जांच कराई जाएगी। दोषी मिलने पर पीआरडी जवान के खिलाफ कार्रवाई होगी।