सीतापुर। होली पर्व पर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी, इसको लेकर कवायद शुरूहो गई है। चार से सात मार्च के बीच 220 केवी उपकेंद्र सीतापुर में मरम्मत का काम चलेगा। इससे रोजाना दो से तीन घंटे तक जिले में आपूर्ति बाधित रहेगी।
अधिशासी अभियंता विद्युत पारेषण खंड देवेद्र सिंह ने बताया कि 220 केवी उपकेंद्र सीतापुर में चार मार्च को सुबह 11 से एक बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र सीतापुर की आंशिक रूप से विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
132 केवी उपकेंद्र लहरपुर में पांच मार्च को 12 से 2 बजे के बीच शटडाउन होगा, जिससे लहरपुर तहसील व ग्रामीण इलाके की आपूर्ति बाधित रहेगी। छह मार्च को 132 केवी व 133 केवी उपकेंद्र सीतापुर में शटडाउन होगा, जिससे सुबह 12 से 2 बजे के बीच सीतापुर शहर, ग्रामीण एवं बिसवां तहसील व ग्रामीण इलाके की आपूर्ति बंद रहेगी।
सात मार्च को 132 केवी उपकेंद्र सिधौली में 12 से दो बजे के बीच मरम्मत होगी। इससे सिधौली तहसील एवं ग्रामीण, महमूदाबाद तहसील एवं ग्रामीण इलाके की आपूर्ति बंद रहेगी। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि विद्युत आपूर्ति निर्धारित समय के अनुसार बाधित रहेगी।