संदना। गोंदलामऊ इलाके में दो दिन से बिजली संकट बना हुआ है। बृहस्पतिवार की आंधी से प्रभावित आपूर्ति किसी तरह बहाल हुई ही थी कि शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन (एचटी) लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इससे करीब 250 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। छह घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
बृहस्पतिवार को आंधी के दौरान हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने से फाल्ट आ गया था। इसके कारण दोपहर दो बजे से रात 12 बजे तक पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे संदना क्षेत्र में एचटी लाइन का तार टूट गया, जिससे पेयजल व्यवस्था, घरेलू कामकाज, कारोबार और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से ही बिजली संकट बना हुआ है। आपूर्ति मिलने पर भी लो वोल्टेज की समस्या रहती है, जिससे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से नहीं चल पाते। शाम सात बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी थी।
जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र ने बताया कि एचटी लाइन का तार टूटने से आपूर्ति बाधित हुई है। विभागीय टीम मरम्मत कार्य में जुटी है और जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।