पुराने सीतापुर में बिजली लाइन सही करते कर्मचारी। संवाद
सीतापुर। बारिश की वजह से शुक्रवार को 300 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। कई जगह फॉल्ट आ गए। बारिश में पेट्रोलिंग करने में भी समस्या आई। बिजली विभाग की टीमें मरम्मत करने में जुटी हैं। वहीं, शहर के 20 मोहल्लों में करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
रामपुर मथुरा के बांसुरा उपकेंद्र व बभनेवा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बृहस्पतिवार देर रात फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं की शिकायत पर टीमों ने मौके पर पहुंचकर फाॅल्ट की तलाश की। इस दौरान कई जगह पर तार टूटे मिले। ट्रांसफार्मर में भी तकनीकी खामी आ गई। इसी तरह सिधौली, लहरपुर, तंबौर, मिश्रिख, इमलिया सुल्तानपुर, हरगांव, महोली आदि इलाकों में भी कई जगह फॉल्ट से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। शहर के नवीन चौक इलाके में जंपर उड़ने से करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। श्यामनाथ इलाके के पूर्णागिरि नगर में पानी भरने की वजह से ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आ गया। यहां करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति बंद रही। पुराने सीतापुर के कजियारा, कोट, मिरदही टोला आदि इलाकों में भी चार घंटे बिजली बंद रही।
दो जगह पकड़ी बिजली चोरी
सीतापुर। अधिशासी अभियंता बिसवां संजीव कुमार मिश्र के नेतृत्व में बिसवां में बिजली चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो उपभोक्ता सर्विस केबल से पहले कट करके बिजली चोरी करते पकड़े गए। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
आई है दिक्कत
बारिश की वजह से कई स्थानों पर दिक्कत आई है। बिजली विभाग की टीमें बराबर मरम्मत करने में जुटी हुई हैं। अधिकतर स्थानों पर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
ललित कृष्ण, अधीक्षण अभियंता