सीतापुर। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। शहर में चार घंटे और गांवों में छह घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इस लंबी कटौती से इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए और घरों में अंधेरा छा गया।
शहर के तरीनपुर इलाके में जर्जर केबल बदलने के लिए सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक शटडाउन लिया गया। इस चार घंटे की कटौती से करीब 20 हजार उपभोक्ता बेहद परेशान रहे। मोहित ने बताया कि दोपहर में घर से बाहर निकलना मुश्किल था और दो घंटे में इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। नवीन चौक में जंफर उड़ने से 10 मोहल्लों की बिजली दो घंटे बंद रही। नई बस्ती और आनंद नगर में तार टूटने की वजह से तीन घंटे बिजली ठप रही। इन सभी समस्याओं से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद हो गए और लोगों को काफी परेशानी हुई।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट
रामपुर मथुरा, रेउसा और मिश्रिख में तार टूटने, जंफर उड़ने व ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण छह घंटे बिजली ठप रही। पिसावां इलाके में ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से केबल जल गई, जिसे तीन घंटे बाद बदला जा सका। रामपुर मथुरा व रेउसा के करीब 80 गांवों में इंसुलेटर दगने की घटनाएं हुईं, जिससे आपूर्ति बाधित रही। उपभोक्ता रोहित ने बताया कि एक सप्ताह से रोजाना फॉल्ट हो रहे हैं। शिकायत के बाद एक फॉल्ट सही करने में तीन से चार घंटे लग जाते हैं।
अधिक आ रहे फॉल्ट
इस समय लोड़ अधिक बढ़ गया है। गर्मी में इसी वजह से फॉल्ट आ रहे हैं। अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह फॉल्ट की जानकारी मिलने पर तत्काल सही करवाएं।
ललित कृष्ण, अधीक्षण अभियंता